धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) तिराहे पर यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। बैंक के बाहर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और पुलिस सहायता बूथ के आसपास ई-रिक्शाओं के जमावड़े से राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बैंक में आने वाले ग्राहकों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। वहीं पुलिस सहायता बूथ के सामने और आसपास ई-रिक्शा चालकों का जमावड़ा लगा रहने से सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है। इसके चलते तिराहे पर दिनभर यातायात प्रभावित रहता है।
स्थिति यह है कि पैदल राहगीरों को भी वाहनों और ई-रिक्शाओं के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में अक्सर जाम जैसे हालात बन जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पुलिस सहायता बूथ के आसपास खड़े होने वाले ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण किया जाए तथा बैंक के बाहर वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस सहायता बूथ के सामने ही ई-रिक्शाओं का कब्जा बना रहेगा, तो यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना मुश्किल होगा।
स्थानीय लोगों का सवाल:
“जब पुलिस सहायता बूथ के सामने ही ई-रिक्शाओं का जमावड़ा लगा है, तो यातायात नियमों का पालन कौन कराएगा?”

