गौचर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चमोली जनपद के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर पलायन रोकने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों जैसे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूर्ण होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।
दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत-2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, प्रशासनिक अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


