हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)।बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी करने पहुंचे मेरठ के दो बदमाश पुलिस के जाल में फंस गए। पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों ने गन्ने के खेतों में छिपकर बच निकलने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस टीम ने उन्हें घेरा तो बदमाशों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। आखिरकार पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र में मेरठ से अवैध हथियारों की खेप लेकर दो तस्करों के पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों की धरपकड़ के लिए इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी गन्ने के खेतों में घुस गए और वहां से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद दोनों को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल और भूपेंद्र निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा सिर्फ दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मेरठ से अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और हरिद्वार में इन हथियारों की डिलीवरी किसे दी जानी थी। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अवैध हथियारों के साथ दो तस्करों के क्षेत्र में आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। पुलिस को देखकर दोनों खेतों में भाग गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर दो पिस्टल बरामद की गई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।



