देहरादून(हरिशंकर सैनी)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में प्रदेश की 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया।

राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया गया। चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान प्रदान किया गया। सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह, जबकि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पर्यावरणविद् सुरेश भाई को सम्मानित किया गया। लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान से नवाजा गया।

खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल रहे।

उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों के योगदान को पहचान देने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से न केवल समाज और राज्य के विकास में योगदान देने वालों का सम्मान किया जाता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने कार्यों से प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
समारोह में सम्मानित विभूतियों के योगदान को सराहते हुए उनके कार्यों को प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।





