देहरादून(हरिशंकर सैनी)। उत्तराखंड राज्योत्सव के अवसर पर प्रदेश को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

छह से 13 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के तहत शुरू की गई इन योजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विभिन्न विभागों की इन परियोजनाओं का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बिजली और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल की 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और बिजली से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास हुआ। इन योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति
लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इनमें आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।
पर्यटन और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा
तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण का कार्य शामिल है।
पर्यटन विभाग की 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना तथा श्री हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटन सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में बनेगा फायर स्टेशन
गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र तथा हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है।
डेयरी विकास विभाग की 48.21 करोड़ रुपये की योजना का भी शिलान्यास किया गया। इसके तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट का निर्माण किया जाएगा। इससे दुग्ध प्रसंस्करण और डेयरी आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
अगस्त्यमुनि महाविद्यालय में बनेगा पीजी ब्लॉक
उच्च शिक्षा विभाग की 19.01 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 12.48 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया।
इसके अतिरिक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस
राज्योत्सव के दौरान शुरू की गई ये विकास परियोजनाएं प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी योजनाओं के पूरा होने पर आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।






