हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की रात पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि चार युवक तमंचे के बल पर घर में घुस आए और महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी महिला के कानों से झुमके लूटकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पीड़िता की शिकायत पर 8 जुलाई को थाना पथरी में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल क्षेत्र से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवम (24) पुत्र गम्भीर, शेखर (22) पुत्र चादकीराम, अरुण (23) पुत्र दलीप निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी तथा विकास (25) पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम महाखेड़ी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपितों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उनका संबंध किसी अन्य आपराधिक घटना से तो नहीं है।



