हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ गांव स्थित पथरेश्वर मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जमीन में दबाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मंदिर परिसर में खुदाई कर दोनों शव बरामद किए हैं। मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी समेत चार लोगों पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के शुक्रताल निवासी पारस गिरी (40) और सेवा गिरी (38) 14 जुलाई को मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने आए थे और वहीं ठहरे हुए थे। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर में रह रहे दो साधुओं की हत्या कर उनके शव दबा दिए गए हैं। सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी और पथरी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मंदिर परिसर के पास संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में घटना 18 जुलाई की रात की बताई जा रही है। पुलिस को मिले एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के अनुसार, घटना वाली रात मंदिर में कुछ लोगों को शराब पीते देखा गया था। वहीं तड़के कुछ लोगों द्वारा मंदिर परिसर के पास गड्ढा खोदने की बात भी सामने आई है।
जांच में यह भी पता चला है कि घटना के बाद से उत्तम गिरी, अखिल गिरी, पंडित राममिलन और आशू निवासी इस्माईलपुर (लक्सर) लापता हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे शराब के दौरान हुआ विवाद एक प्रमुख कारण हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दो साधुओं के शव बरामद किए गए हैं। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।







