खटीमा(नीति शर्मा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में ₹14.97 करोड़ की लागत से खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। इस सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की जनता के साथ उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा और ऊर्जा देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाओं पर काम किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से आम जनता को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



