हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से डेबिट कार्ड की जानकारी हासिल कर साइबर ठगों ने 1.07 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कनखल निवासी बालकृष्ण अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई की शाम उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को यूको बैंक की रेसकोर्स शाखा, देहरादून का अधिकारी बताया और खाते से जुड़ी जानकारी साझा कर उनका विश्वास जीत लिया। बातचीत के दौरान उसने डेबिट कार्ड की जानकारी भी प्राप्त कर ली। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से रकम निकलने के संदेश आने लगे। एक खाते से 49,792 रुपये और 45,000 रुपये तथा दूसरे खाते से 12,573 रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।





