शराब के नशे में कांवड़ियों को उकसाने का आरोप, बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर किया गिरफ्तार
बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)।कांवड़ यात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कांवड़ियों को उकसाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित तनाव की स्थिति टल गई।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को बहादराबाद कस्बे में रघुनाथ मॉल के समीप गश्त के दौरान चार युवक शराब के नशे में कांवड़ियों के बीच जाकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे हंगामा करते रहे। उनके व्यवहार से कांवड़ियों में आक्रोश फैलने लगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सका।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पुत्र राकेश निवासी खानपुर नई दिल्ली, विशाल पुत्र रमेश कुमार निवासी जवाहर पार्क नई दिल्ली, नीरज पुत्र किशन लाल निवासी संगम विहार नई दिल्ली तथा धर्मेंद्र पुत्र देव सिंह निवासी मदनगीर नई दिल्ली शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल प्रीतम तोमर, कांस्टेबल अवनेश राणा एवं पीआरडी जवान अमजद शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

