रुड़की(नीति शर्मा)। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज एवं सुशाना मैथोडिस्ट गर्ल्स बी.एड. कॉलेज, रुड़की में भव्य ध्वजारोहण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं बी.एड. कॉलेज की प्राचार्या डॉ. उन्नति विश्नोई ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

ध्वजारोहण के पश्चात छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया तथा पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। “मेरा देश रंगीला”, “कर मैदान फतेह”, “ऐ वतन के लोगों”, “संदेशे आते हैं” और “जय जय जय भारत माता” जैसी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में एनसीसी की छात्राओं ने “हम सब भारतीय हैं” गीत एवं “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। वहीं “अनेकता में एकता” विषय पर आधारित नाटक ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

समारोह के अंत में प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताएं, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा।




