तिरंगा यात्राओं के साथ अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, प्रतिमाओं पर चढ़ाई फूल-मालाएं
धनौरी(श्रवण गिरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धनौरी क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागी धनौरी स्थित अमर शहीद सोनित सैनी की प्रतिमा पर पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को नमन किया। इसके बाद यात्रा पथरी रोह पुल पर स्थित शहीद विकास सैनी की प्रतिमा तक पहुंची, जहां लोगों ने फूल-मालाएं चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके सम्मान में जयघोष लगाए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अमर शहीदों के त्याग, समर्पण और बलिदान का परिणाम है तथा उनकी वीरगाथाएं सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित तिरंगा यात्राओं ने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया।




