पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। कलियर थाना क्षेत्र में होटल स्वामी पर तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को बेड़पुर कलियर निवासी सुहेब ने थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि बेड़पुर चौक स्थित त्यागी ढाबे के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर तमंचे से फायर कर जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों ने उसे धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना के खुलासे के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने डिजिटल और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 22 वर्षीय विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर का नाम सामने आया।
पुलिस ने आरोपी को खादर वाली रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि होटल स्वामी के साथ खाने-पीने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे सबक सिखाने की योजना बनाई थी। इसी के तहत फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

