धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी चौकी के नवनियुक्त चौकी प्रभारी मुन्नवर सिद्दकी ने मंगलवार को क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में मुख्य रूप से नशे के बढ़ते प्रचलन पर अंकुश लगाने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन न देने को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई।
चौकी प्रभारी ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है। इसे रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ क्षेत्रवासियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या युवाओं को नशे की ओर ले जाने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य वाहन चलाने के लिए न दें। कम उम्र में वाहन चलाने से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है और बच्चों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान चौकी प्रभारी ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में अपराध एवं नशे पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सकती है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।


