रानीपुर(अनिल शीर्षवाल)। नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर की बोर्ड बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में जनहित में निर्माण कार्यों से संबंधित 370 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों के माध्यम से नगर क्षेत्र में आवश्यक विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में किन्नर समाज के मांगलिक कार्यों से संबंधित शुल्क के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत अधिकतम शुल्क लिए जाने का प्रावधान निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में स्थानीय लोगों की मांग एवं जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के वार्ड 12 मे स्थित नेहरू कॉलोनी का नाम परिवर्तित कर “गोविंदधाम” किए जाने हेतु प्रस्ताव रखा गया जिसे बोर्ड द्वारा सर्व सहमति से पारित किया गया
इसके साथ ही सीमा शुल्क/शुल्क निर्धारण एवं बड़े वाणिज्यिक वाहनों पर सीमा शुल्क लगाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। स्कूल बसों के पास एवं उनके निर्धारित रूट के संबंध में आवश्यक व्यवस्था एवं मार्ग निर्धारण किए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि यातायात एवं नगर व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा सके।
नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मदर डेयरी की दुकानें खोले जाने हेतु भी प्रस्ताव पारित किया गया। इसका उद्देश्य नगरवासियों को आवश्यक दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की सुविधाजनक उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसके अतिरिक्त जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र में आवश्यक सफाई सामग्री एवं विद्युत सामग्री की खरीद किए जाने तथा अन्य आवश्यक जनहितकारी कार्यों से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों एवं मंदिर परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
पालिका अध्यक्ष ने आगामी त्योहारों से पूर्व नगर क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा जहाँ आवश्यक हो, वहाँ नई स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि त्योहारों के दौरान नगर क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से कीटनाशक/एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव एवं फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों एवं दिए गए निर्देशों का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा नगरवासियों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा, समस्त सभासद गण, अधिशासी अधिकारी तारीक खान एवं अवर अभियंता शाहरुख, पर्यावरण पर्यवेक्षक रजत मित्तल आदि उपस्थित रहे ।



