हरिद्वार(नीति शर्मा)। सिडकुल स्थित सीएमआर कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए रामराज ग्रामोद्योग द्वारा रावली महदूद में संचालित वरिष्ठ नागरिक गृह को वाटर कूलर भेंट किया। कंपनी की इस पहल से वरिष्ठ नागरिक गृह में रह रहे बुजुर्गों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वाटर कूलर भेंट करने के दौरान सीएमआर कंपनी के प्लांट हेड महेश त्यागी ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी केवल उत्पादन और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना भी उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहयोग करती रहेगी।
रामराज ग्रामोद्योग की सचिव संजू शर्मा ने सीएमआर कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक गृह में रह रहे बुजुर्गों की देखभाल और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। वाटर कूलर उपलब्ध होने से उन्हें पेयजल संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों द्वारा सीएसआर के माध्यम से किए जाने वाले ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
वरिष्ठ नागरिक गृह में रहने वाले बुजुर्गों ने भी कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में ठंडे पानी की आवश्यकता अधिक महसूस होती है और वाटर कूलर मिलने से उनके दैनिक जीवन में काफी सुविधा होगी।
इस अवसर पर सीएमआर कंपनी के एचआर हेड ऋषि तिवारी, रामराज ग्रामोद्योग के राजेंद्र शर्मा, सोनू कुमार, नेहा सहित अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिक गृह से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।



