धनौरी(श्रवण गिरी)। कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक तिराहे पर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। यहां पुलिस द्वारा बनाया गया चेकिंग बूथ इन दिनों ई-रिक्शा चालकों के लिए खड़े होने का स्थान बनता दिखाई दे रहा है। पुलिस बूथ के सामने दिनभर दर्जनों ई-रिक्शा खड़े रहने के कारण मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब नेशनल बैंक के साथ ही इस मार्ग पर दो क्लिनिक भी संचालित हो रहे हैं। बैंक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक अपने जरूरी काम से पहुंचते हैं, लेकिन बैंक के पास ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कई ग्राहक मजबूरी में अपने दोपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर बैंक के अंदर चले जाते हैं। दूसरी ओर पुलिस चेकिंग बूथ के सामने ई-रिक्शाओं की कतार लगने से सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है।

बूथ बना ई-रिक्शा स्टैंड, व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस बूथ का उद्देश्य यातायात व्यवस्था बनाए रखने और चेकिंग के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसके सामने ही ई-रिक्शाओं का जमावड़ा लगा रहता है। दर्जनों ई-रिक्शा एक साथ खड़े होने के कारण तिराहे पर आवागमन प्रभावित होता है।
सबसे ज्यादा परेशानी उस समय होती है जब बैंक आने वाले ग्राहक सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर देते हैं और उसी दौरान ई-रिक्शा भी बूथ के सामने जमा हो जाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और दूसरे वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।
राहगीरों ने व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बूथ के सामने ई-रिक्शाओं को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। यदि ई-रिक्शा चालकों के लिए कोई निर्धारित स्टैंड नहीं है तो प्रशासन को वैकल्पिक स्थान चिन्हित करना चाहिए, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो।
लोगों का यह भी कहना है कि बैंक प्रबंधन और संबंधित विभाग को ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए, ताकि सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने की समस्या कम हो सके।
अब सवाल यह है कि जब पुलिस बूथ का इस्तेमाल यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए किया गया है तो उसके ठीक सामने ई-रिक्शाओं का जमावड़ा क्यों लगा रहता है? क्या संबंधित पुलिसकर्मियों और जिम्मेदार विभागों की इस समस्या पर नजर नहीं पड़ रही है?
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि पंजाब नेशनल बैंक तिराहे पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराया जाए, पुलिस बूथ के सामने ई-रिक्शाओं का जमावड़ा हटाया जाए और बैंक के आसपास पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।


