हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल एवं अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियों के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष पथरी द्वारा पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थानों पर निगरानी रखने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस टीम द्वारा लिंक रोड, गांव-कस्बों को जोड़ने वाली चकरोडों, हाईवे एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम ऐथल क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के आसपास जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम नशीले कैप्सूल-गोलियां बरामद हुईं। बरामद दवाओं के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने उसके खिलाफ पथरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान तौफीक पुत्र अल्लादिया निवासी ग्राम ऐथल, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।



उत्तराखंड परिकल्पना समाचार पत्र का जन-जागरूकता संदेश
नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। आज युवाओं में बढ़ता नशे का प्रचलन चिंता का विषय है। नशे की लत युवा शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और उज्ज्वल भविष्य को बर्बाद कर सकती है।
उत्तराखंड परिकल्पना समाचार पत्र सभी युवाओं से अपील करता है कि वे नशे से दूर रहें, अपने लक्ष्य पर ध्यान दें और स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन अपनाएं। आइए, मिलकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
“नशा छोड़ो, सपनों को जोड़ो।
स्वस्थ युवा, सशक्त उत्तराखंड।”
