हरिद्वार(श्रवण गिरी)। ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र से एक युवक को 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर को पिरान कलियर पुलिस टीम बेड़पुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने कार सवार युवक की पहचान मोनू अली पुत्र बारू, निवासी ग्राम खेड़ी शिकोहपुर, कोतवाली भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था और बाद में कलियर क्षेत्र में इसे छोटी-छोटी मात्रा में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ड्राइविंग का काम करता है और अपने व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने तथा अधिक पैसा कमाने की चाह में नशे के अवैध कारोबार से जुड़ गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 307/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।
बरामदगी का विवरण
- 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस, कीमत करीब चार लाख रुपये।
- रेनॉल्ट काइगर कार नंबर UK08BL3527 (सीज)।
- ओप्पो एफ-27 प्रो मोबाइल फोन।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, कांस्टेबल आविद अली एवं हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



