देहरादून(हरिशंकर सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर आज अपने शासकीय आवास पर विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पशुधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।



