रुड़की(श्रवण गिरी)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की में प्राचार्या एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता श्रीवास्तव के निर्देशन में गृह विज्ञान विभाग द्वारा ‘पुष्प सज्जा’ विषय पर ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में सृजनात्मकता विकसित करना तथा पुष्प सज्जा की विभिन्न विधाओं से परिचित कराना था।
कार्यशाला में छात्राओं को परंपरागत, आधुनिक एवं जापानी शैली ‘इकेबाना’ की विशेषताओं की जानकारी दी गई। इकेबाना शैली के माध्यम से प्रकृति के विभिन्न आयामों को टहनियों एवं पुष्पों द्वारा अभिव्यक्त करने की कला समझाई गई। बताया गया कि इसमें सबसे ऊंची टहनी स्वर्ग, उससे छोटी टहनी पर स्थित अधखिला पुष्प मनुष्य तथा नीचे पूर्ण रूप से खिला हुआ पुष्प पृथ्वी का प्रतीक माना जाता है।
छात्राओं को गुलबान, जल तरंग, ट्रेडिशनल फ्लोरल डोम, इकेबाना, वेस ऑफ जॉय तथा थैरेप्यूटिक अरेंजमेंट जैसी विभिन्न पुष्प सज्जाएं व्यावहारिक रूप से बनाना भी सिखाया गया। साथ ही ओ.एच.पी. के माध्यम से पुष्प सज्जा से संबंधित उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में गृह विज्ञान विभाग की प्रवक्ताओं डॉ. आयशा एवं श्रीमती पारुल त्यागी सहित महाविद्यालय के समस्त प्रवक्ताओं एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने छात्राओं के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।




