बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। शान्तरशाह निवासी बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड में हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी इस्तकार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व पुलिस एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गौरतलब है कि पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मु0अ0सं0 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस की कई टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। पुलिस लगातार पतारसी और सुरागरसी करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की और आरोपी इस्तकार पुत्र वहीद (24 वर्ष), निवासी शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।



