हरिद्वार(नीति शर्मा)। सत्यम पाठशाला के बच्चों ने मंगलवार को जनपद मुख्यालय का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बच्चों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह तथा एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव से मुलाकात कर विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को समझा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अपने समय का सदुपयोग पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में करने की सलाह दी।

एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा आईएएस या आईपीएस बनने का सपना साकार कर सकता है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित अध्ययन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों को समाचार पत्र पढ़ने और आसपास की गतिविधियों की जानकारी रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने सही और गलत की पहचान कर अच्छी आदतों को अपनाने पर जोर दिया।
सत्यम पाठशाला के संचालक अरुण कश्यप ने बताया कि बच्चों को शिक्षा के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पाठशाला का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं, जिससे बच्चों को प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन मिल सके और वे अपने भविष्य के प्रति प्रेरित हों।
भ्रमण के दौरान शिक्षिका रेणु देवी सहित आशा, वैष्णवी, शिवम, अश्विन, शालू, आयुष, हंसिका, तेजस, शौर्य, प्राणिका, प्रणव, मीरा, पायल, कृष्णा, श्रेष्ठ, देवांशु, शिवानी, दिव्यांका, मानवी, अनु और वांशिका सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


