धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी चौकी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम जसवावाला में अज्ञात चोरों ने देर रात एक ही रात में तीन ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर स्टार्टर, केबल और अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के दौरान छह स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जसवावाला निवासी राजेश कुमार पुत्र बिसंबर सिंह, बीरमपाल पुत्र रोढ़ा सिंह तथा एक सरकारी नलकूप पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि देर रात चोर खेतों में पहुंचे और ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण निकालकर फरार हो गए। सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
ग्रामीणों का कहना है कि धनौरी चौकी क्षेत्र में इससे पहले भी कई ट्यूबवेलों को चोर निशाना बना चुके हैं, लेकिन पुरानी घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों के कारण किसानों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि स्टार्टर और केबल चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। फसलों की सिंचाई बाधित होने से उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों और किसानों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा ताजा वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो किसानों का आक्रोश और बढ़ सकता है।

