हरिद्वार(नीति शर्मा)। खेल महाकुम्भ-2026 के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित ग्राम सांसद (राज्यसभा) सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में समापन हो गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयुवर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-19 बालिका 3000 मीटर दौड़ में विधानसभा भगवानपुर की सैवी ने प्रथम, मंगलौर की भव्या ने द्वितीय तथा खानपुर की खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक 5000 मीटर दौड़ में झबरेड़ा के अंशुल ने प्रथम और भगवानपुर के रितिक ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में रुड़की की टीम प्रथम तथा लक्सर की टीम द्वितीय स्थान पर रही। अंडर-19 बालिका फुटबॉल में लक्सर ने प्रथम और भगवानपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक मलखम्ब में भगवानपुर प्रथम तथा लक्सर द्वितीय रहा, जबकि मलखम्ब प्रतियोगिता में पतंजलि, रानीपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भण्डारी, युवा कल्याण विभाग के प्रभारी सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पूनम मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र पुण्डीर, खेल प्रशिक्षक सौरभ पटवाल, मुकेश शर्मा सहित युवा कल्याण एवं खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक तथा अन्य विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी गई।

