बहादराबाद(विकास सैनी)। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं तथा फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने मनोरंजक एवं सरल शैली में किसानों को खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित खाद एवं उर्वरकों के प्रयोग, फसलों में लगने वाले रोगों की रोकथाम तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में बताया गया। कलाकारों ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और समय-समय पर कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने भाग लिया। राजेन्द्र, जितेंद्र, जगपाल, प्रवीण, पंकज, दीपक सहित अन्य किसानों ने नुक्कड़ नाटक को जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की। किसानों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से खेती-किसानी से जुड़ी नई जानकारियां आसानी से प्राप्त होती हैं और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचती है।

