हरिद्वार(मनोज यादव)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2026-27 में धान की उत्पादकता और वास्तविक उपज का आकलन करने के लिए जनपद में क्रॉप कटिंग प्रयोगों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने तहसील हरिद्वार के ग्राम कुतुबपुर में धान की क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया और स्वयं धान की कटाई भी की।
यह क्रॉप कटिंग प्रयोग काश्तकार रमेश सिंह सैनी के खेत संख्या 55/2 में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रैंडम पद्धति से किया गया। प्रयोग के दौरान धान की कटाई करने पर कुल 12.700 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग प्रयोगों के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है। इससे फसल उपज के सटीक आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है, जो फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण हैं।
जनपद में न्याय पंचायतवार चयनित ग्रामों में नामित निरीक्षण अधिकारियों द्वारा क्रॉप कटिंग प्रयोगों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि फसलों की उपज के विश्वसनीय आंकड़े संकलित किए जा सकें।
इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह, मीना नेगी, राजस्व निरीक्षक अजय कपिल, राजस्व उप निरीक्षक मोनू, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



