हरकी पौड़ी से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने किया शुभारंभ, पहले दिन एकत्र किया गया दो कुंतल सूखा और गीला कूड़ा
हरिद्वार(नीति शर्मा)। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जनपदभर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को हरकी पौड़ी से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में किया गया। अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम, स्वयंसेवी संस्थाओं और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान आगामी 7 नवंबर तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए पहुंचते हैं। मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने सभी जनपदवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने भी लोगों से नगर निगम की ओर से संचालित स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयंसेवी संस्थाओं, संत समाज, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित सभा के कर्मचारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



