देहरादून(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिधौली स्थित यूपीईएस (यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज) के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया और उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उन्हें जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना होगा। सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और परिश्रम के बल पर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्हें विश्वास है कि देश के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और लगन से विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा। यूपीईएस से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से उत्तराखंड सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश के युवा सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक हैं। जागरूक एवं प्रतिभाशाली युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार पाने तक सीमित न रखकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप, नवाचार और इन्क्यूबेशन सेंटर को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के तहत पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और देश के विभिन्न हिस्सों से आए परिजनों का कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके परिजन उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



