कलियर(श्रवण गिरी)। पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग पीड़िता ने थाने पहुंचकर साहिल नाम के युवक पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। थाना बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष पीड़िता से पूछताछ की गई और उसके द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बहादराबाद के निर्देशन में टीम ने जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद ली गई।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 22 अक्टूबर 2026 को डबल रोड, धनौरी रोड से आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल पुत्र इसराईल, निवासी इमाम साहब रोड, कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), धारा 64(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3(क)/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में इस दौरान कार्रवाई में उपनिरीक्षक महिपाल सैनी तथा हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे।



