कलियर(श्रवण गिरी) । पिरान कलियर क्षेत्र में उर्स मेले के दौरान एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को कलियर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मैनुअल पुलिसिंग की मदद से कलियर क्षेत्र से दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की मां ने कोतवाली पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्स मेले के दौरान आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 275/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक देहात के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बहादराबाद के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर के नेतृत्व में आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जानकारी जुटाकर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र मेहरबान, निवासी मुकर्रबपुर, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक करुणा रौंकली, अपर उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, हेड कांस्टेबल माजिद खान और हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


