रुड़की(अनिल शीर्षवाल)। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, हरिद्वार के अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैंक के समस्त शाखा प्रबंधकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, एनपीए (गैर निष्पादित परिसंपत्तियां) की वसूली, निक्षेप वृद्धि तथा विभिन्न शाखाओं में पाई गई अनियमितताओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कार्यों में लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने एनपीए वसूली में लापरवाही एवं वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त पाए गए तीन शाखा प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उनकी वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को ईमानदारी, पारदर्शिता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए एनपीए वसूली अभियान में तेजी लाने तथा बैंक के निक्षेप में अधिक से अधिक वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, बेहतर कार्य करने वाले शाखा प्रबंधकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इसके अलावा जनपद की प्रशासकीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह ने जिला सहायक निबंधक को सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज एवं यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों के मृतक बकायेदारों को ब्याज में एकमुश्त छूट प्रदान करने के संबंध में प्रस्ताव निबंधक को भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में अध्यक्ष ने बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा बैंक की निरंतर प्रगति के लिए सभी को मिलकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा, बैंक के सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह, उप महाप्रबंधक चरण सिंह, उप महाप्रबंधक सुभाष शाह, अनुभाग अधिकारी एवं बैंक के समस्त शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।



