देहरादून(हरिशंकर सैनी)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती दी है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई से देश में शांति और विकास का वातावरण बना है।

उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार किया था। राज्य सरकार आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित और समृद्ध उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड को प्रथम स्थान मिला है। खनन क्षेत्र में सुधारों के लिए केंद्र से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। मत्स्य विकास में भी हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य का सम्मान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन जैसे सम्मान मिले हैं। वहीं फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए उत्तराखंड को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।
आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय करीब 2.74 लाख रुपये और आर्थिक वृद्धि दर 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का बजट लगभग 1 लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये है, जबकि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का बजट करीब 54 हजार 928 करोड़ रुपये है। यह राज्य सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्रियों भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सहित केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद महेंद्र भट्ट, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, मदन कौशिक, खजान दास, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, प्रदीप बत्रा, महापौर सौरभ थपलियाल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशवासी उपस्थित रहे।





