हरिशंकर सिंह सैनी ,विशेष संवाददाता
पीपलकोटी (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखण्ड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। प्रदेश की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं का पर्यावरण संरक्षण के प्रति योगदान आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने भी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।

कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर एवं बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी एवं अनीता देवी को सम्मान मिला। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में कुल 149.77 करोड़ रुपये की लागत की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।
इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।




