नई दिल्ली/हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। उत्तराखण्ड की लोकआस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन-मूल्यों का प्रतीक इगास-बग्वाल पर्व गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के मीडिया विभाग के समन्वयक अनिल बलूनी के आवास पर श्रद्धा, उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। दीपावली के ग्यारह दिन बाद मनाए जाने वाले इस लोकपर्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही। देश के प्रतिष्ठित संत-महात्माओं और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों की सहभागिता से आयोजन आध्यात्मिकता, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का संगम बन गया।

कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानन्द गिरि, स्वामी कैलाशानन्द गिरि, योगगुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती, धीरेन्द्र शास्त्री (बागेश्वर धाम), महामंडलेश्वर स्वामी ललितानन्द गिरि सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत सहित कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

अनिल बलूनी एवं उनकी पत्नी के स्नेहिल आमंत्रण पर पहुंचे संत-महात्माओं के सान्निध्य में पारंपरिक विधि-विधान के साथ इगास की पवित्र अग्नि प्रज्वलित की गई तथा अग्निपूजन किया गया। उत्तराखण्ड से पहुंची सांस्कृतिक मंडलियों ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देवभूमि की समृद्ध लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।
लोकसंगीत की मधुर धुनों और पारंपरिक रीति-रिवाजों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों और मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर इगास पर्व के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोकपरंपराओं को संरक्षित करने, सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया गया। अनिल बलूनी के आवास पर आयोजित यह उत्सव देवभूमि की लोकआस्था, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता की सुंदर मिसाल बना।



