रुड़की(मनोज यादव)। कोर यूनिवर्सिटी (COER University) के कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से ‘मास्टरिंग द आर्ट ऑफ मॉडर्न एडवोकेसी’ विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विधि के छात्रों को आधुनिक वकालत की बारीकियों और व्यावहारिक कानूनी कौशल से परिचित कराना रहा।
कार्यशाला में न्यायिक एवं कानूनी क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। इनमें लखनऊ हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट निरंकार सिंह, हरिद्वार जिला एवं सत्र न्यायालय के जितेश चंद्र तिवारी, एडवोकेट एवं रिसर्च स्कॉलर सृष्टि तिवारी, सीनियर क्रिमिनल लॉयर समीर गुप्ता तथा उत्तराखंड हाईकोर्ट के स्टेट लॉ ऑफिसर दीपक भारद्वाज शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने छात्रों को आधुनिक वकालत की चुनौतियों, न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रभावी बहस की तकनीक और कानूनी शोध के महत्व की जानकारी दी। संवादात्मक सत्रों के दौरान छात्रों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस अवसर पर कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज के डीन प्रो. डॉ. जे.एन. सिंह ने सभी अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में एक सफल और सक्षम अधिवक्ता बनने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समन्वय असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री आकांक्षा शर्मा ने किया। समापन अवसर पर उन्होंने सभी वक्ताओं, डीन, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।


