हरिद्वार(नीति शर्मा)।विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मां गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को समृद्ध करना, जलीय जैव विविधता का संरक्षण करना तथा नदी की पारिस्थितिकी को संतुलित बनाए रखने के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था और संस्कृति का आधार ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध प्राकृतिक विरासत एवं जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा सहित प्रदेश की नदियों में पाए जाने वाले प्राकृतिक जलीय जीवों एवं मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे नदी में मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने, जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने तथा मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के साथ ही जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नदियों में प्रदूषण रोकना, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा नदी की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण, जलीय जैव विविधता के संवर्धन तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित यह पहल मां गंगा के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता एवं जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र,उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा,सहायक निर्देशक मत्स्य श्रीमती गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



