हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख सीपी नौटियाल को उनके ही चालक ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चालक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से सीपी नौटियाल घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें हरिद्वार के बंगाली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर उपचार और विस्तृत जांच के लिए उन्हें एम्स रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल विवाद के कारणों और गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।


