रुड़की(श्रवण गिरी)। सहकारिता विभाग जनपद हरिद्वार एवं जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के तत्वावधान में शनिवार को मेवाड़ खुर्द साधन सहकारी समिति के मुख्यालय पर वृहद ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में रुड़की विकासखंड के किसानों एवं विभिन्न आवेदकों को ऋण योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह ने की। इस दौरान विकासखंड की प्रारंभिक ऋण समितियों एवं जिला सहकारी बैंक की विभिन्न शाखाओं से जुड़े लाभार्थियों को ऋण धनराशि के चेक वितरित किए गए। मेले में कुल 61 लाभार्थियों को दीनदयाल योजना के अंतर्गत लगभग 55 लाख रुपये का ऋण शून्य ब्याज दर पर स्वीकृत किया गया।

अपने संबोधन में बैंक अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह ने किसानों को राज्य सरकार एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए बैंक एवं सहकारी समितियों से संपर्क करने की अपील की। साथ ही किसानों को उर्वरक एवं बीज वितरण की प्रक्रिया में किए जा रहे बदलावों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह ने बैंक की विभिन्न निक्षेप एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से बैंक से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष मधु सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष अनिल पाल, नन्हेड़ा समिति के अध्यक्ष सतवेंदर कुमार, संचालकगण, उपमहाप्रबंधक चरण सिंह, एडीसीओ कपिल कुमार, रियासत अली, मुख्य शाखा प्रबंधक विपुल चौधरी, अनुभाग अधिकारी दीपक कुमार, सचिव चरण सिंह सहित विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक, समिति सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



