हरिद्वार(नीति शर्मा)। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद हरिद्वार में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित इस अभ्यास में भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड एवं सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न घटनास्थलों पर घायल दर्शाए गए कुल 155 लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सुबह 9:35 बजे जनपद के कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके तत्काल बाद इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) सक्रिय किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल में विद्यालय की छत गिरने और बच्चों के मलबे में दबे होने की सूचना पर आपदा प्रबंधन की टीमों को रवाना किया गया। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत रुड़की के अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, मंगलौर के नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तथा भगवानपुर के आरएनआई इंटर कॉलेज में भी भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार की गईं। वहीं खानपुर स्थित नेशनल कन्या इंटर कॉलेज में भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने और विद्यार्थियों के मलबे में फंसे होने का परिदृश्य बनाया गया। यहां राहत एवं बचाव टीमों ने 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। इनमें 12 लोगों को चिकित्सा केंद्र तथा 10 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की व्यवस्था की गई।
औद्योगिक क्षेत्रों में आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए सिडकुल रोशनाबाद स्थित हीरो मोटोकॉर्प और एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने तथा प्लांट में धुआं फैलने की स्थिति तैयार की गई। अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने, कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
इसी प्रकार चंडीघाट पुल के समीप बस और ट्रक की टक्कर में यात्रियों के घायल होने, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ मचने तथा हरकी पैड़ी स्थित शिव पुल के पास गंगा का जलस्तर बढ़ने से यात्रियों के बहने की काल्पनिक परिस्थितियां बनाई गईं। शिव पुल के समीप जल पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा दो लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।
राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्टेजिंग एरिया, रिलीफ कैंप एवं घटनास्थल निर्धारित किए गए थे। हरिद्वार में रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 को स्टेजिंग एरिया तथा भारती इंटर कॉलेज को रिलीफ कैंप बनाया गया। लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज गोवर्धनपुर को, रुड़की में एचआरडीए कार्यालय एवं नगर निगम रैन बसेरा तथा भगवानपुर में तहसील कार्यालय परिसर को स्टेजिंग एरिया और रिलीफ कैंप के रूप में निर्धारित किया गया।

मॉक एक्सरसाइज के समापन पर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में ऑब्जर्वर्स की उपस्थिति में डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों, घटनास्थलों तक पहुंचने के रिस्पांस टाइम, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की। साथ ही भविष्य में आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जल पुलिस, पीएसी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, परिवहन, पेयजल, कृषि, पशुपालन, पूर्ति, पंचायतीराज, जीआरपी, सीआईएसएफ सहित विभिन्न विभागों ने प्रतिभाग किया। आपदा मित्र स्वयंसेवकों, एनएसएस एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की। अभ्यास के दौरान जेसीबी, ट्रक, एंबुलेंस, फायर टेंडर, वुड कटर, आयरन कटर, राफ्ट एवं मोटराइज्ड राफ्ट सहित विभिन्न राहत एवं बचाव उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विभव गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



