देहरादून(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर सहित राज्य की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए तथा जिन परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगले एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं में संबंधित क्षेत्रों की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। स्थानीय विशिष्टताओं को परियोजनाओं में शामिल करने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हर की पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाएगा।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा त्रिवेणी घाट का 115.07 करोड़ रुपये, आस्था पथ का 35.78 करोड़ रुपये तथा चंद्रभागा पैदल पुल का 32.28 करोड़ रुपये की लागत से विकास किया जा रहा है। शिवपुरी एवं नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग और पर्यटक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
इसी प्रकार शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश और परियोजनाओं की निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।



