न दहेज लिया, न कोई मांग रखी, सादगी से संपन्न हुआ बेटे हैप्पी सैनी का विवाह; बोलीं- बेटियां बोझ नहीं, सम्मान हैं
मुजफ्फरनगर(अमित शर्मा)। लावारिस मृतकों का अंतिम संस्कार कर उन्हें सम्मानजनक विदाई देने और वृद्धाश्रम के माध्यम से बेसहारा माताओं की सेवा करने वाली क्रांतिकारी शालू सैनी ने अपने बेटे के विवाह में एक अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अपने ही घर से बदलाव की शुरुआत करते हुए बेटे हैप्पी सैनी का विवाह बिना दहेज और किसी मांग के सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
25 नवंबर को मेरठ जिले के गांव सरसवां लावड़ में संपन्न हुए इस विवाह ने समाज को एक मजबूत संदेश दिया कि रिश्ते धन-दौलत और लेन-देन से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान से मजबूत होते हैं।
आज भी समाज में अनेक परिवार बेटियों की शादी के नाम पर दहेज के दबाव और आर्थिक बोझ से जूझ रहे हैं। दहेज की कुप्रथा के कारण कई बेटियों को अपमान और प्रताड़ना तक सहनी पड़ती है। ऐसे समय में शालू सैनी की यह पहल उन परिवारों के लिए प्रेरणादायक है, जो अपनी बेटियों को सम्मान और बेहतर भविष्य देना चाहते हैं।

शालू सैनी ने अपने बेटे की शादी में दहेज न लेकर यह साबित किया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत अपने घर से ही करनी पड़ती है। एक सिंगल मदर होकर उन्होंने जिस दृढ़ता के साथ इस आदर्श को स्थापित किया है, वह निश्चित रूप से समाज के लिए अनुकरणीय है।
उनका संदेश है कि बेटियां किसी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और गौरव हैं। प्रत्येक व्यक्ति को दहेज प्रथा के खिलाफ आगे आना चाहिए, ताकि किसी बेटी को दहेज के कारण अपमानित न होना पड़े और किसी पिता को बेटी की शादी के लिए कर्ज के बोझ तले न दबना पड़े।
लावारिसों को अपना मानकर उनका अंतिम संस्कार करने वाली शालू सैनी ने इस बार अपने बेटे के विवाह के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संस्कारों की एक नई मिसाल कायम की है। उनकी यह पहल बताती है कि समाज में बदलाव केवल भाषण देने से नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करने से आता है।
समाज को क्रांतिकारी शालू सैनी की इस पहल से प्रेरणा लेकर दहेज मुक्त विवाह की दिशा में आगे आना चाहिए।



