हरिद्वार(रश्मि कश्यप)।रोशनाबाद स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवालिक नगर वार्ड संख्या 13 के पार्षद श्री दीपक नौटियाल रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और झांकियों का निरीक्षण किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता एवं उपप्राचार्य लाजपत सिंह ने भी मार्च पास्ट का अवलोकन किया। कक्षा 12 की छात्रा कुमारी पूर्वाशीं एवं सिद्धांत भाटी ने विद्यालय कप्तान के रूप में परेड की कमान संभाली।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गढ़वाली एवं कन्नड़ लोक नृत्य, देशभक्ति गीत, वक्तव्य, देशभक्ति कविता पाठ, नाटक सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। मार्च पास्ट की ट्रॉफी शिवालिक सदन तथा रंगोली की ट्रॉफी अरावली सदन को प्रदान की गई।
विद्यालय के छात्र शनि, जिन्हें ‘वीर गाथा’ प्रतियोगिता में बेस्ट पेंटिंग के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शनि इस समय राष्ट्रपति भवन में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में आमंत्रित होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके, उनका पुरस्कार उनकी बहन देविका को प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त बेस्ट एनसीसी कैडेट राम त्यागी, विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य स्तरीय विजेता सम्मुख धीमान, क्षेत्रीय साइंस कांग्रेस के विजेता मास्टर समर्थ, एसजीएफआई स्तर पर चयनित खिलाड़ी गौरव, पारस गिरी, कृष्णा कसाना, विदित कुमार एवं अर्पित को सम्मानित किया गया। विद्यालय के सात विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में नारी सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा एवं देश के विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से सशक्त, समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्री दीपक नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने संविधान अपनाकर स्वयं को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता दोहराने का भी अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं उपप्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपप्राचार्य लाजपत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं शिक्षकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर इतिहास शिक्षक पी.एम. वाजपेई ने भी ओजस्वी भाषण दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 11 की छात्रा तेजस्वी एवं शौर्य कुमार द्वारा किया गया।


