ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर पुलिस की कार्रवाई, BNSS की धारा 170 में चालान कर न्यायालय में किया पेश
कलियर(श्रवण गिरी)। पिरान कलियर कस्बे में कूड़ा उठाने को लेकर सफाई कर्मी के साथ हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को कलियर बाजार में कूड़ा उठाने को लेकर सफाई कर्मी के साथ विवाद की सूचना पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवाद को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुहैल त्यागी (20) और साहिल त्यागी (25), पुत्र शहजाद त्यागी, निवासी वार्ड नंबर-01, ज्वालापुर खेड़ा, कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुहैल त्यागी दरगाह क्षेत्र में तालाब के पास दुकान भी चलाता है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान और होमगार्ड कासिम शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



