बहादराबाद(मनोज यादव गार्गी)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बहादराबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा मुक्त अभियान के तहत चेकिंग के दौरान एक नशीली दवाओं के तस्कर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएनटीएफ और बहादराबाद थाना पुलिस नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नहर पटरी रानीपुर झाल के पास बहादराबाद से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ब्यूप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine) और फेनिरामाइन (Pheniramine) के कुल 23 इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम गौरव निवासी ग्राम शेखपुरा कुमारगढा, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार बताया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने कई बड़े ड्रग्स पैडलरों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस द्वारा प्रकाश में आए ड्रग्स पैडलरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।


