हरिद्वार(नीति शर्मा)। ग्राम रावली महदूद अंतर्गत प्रीत विहार कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित मुख्य सड़क का विधिवत रिबन काटकर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं कॉलोनीवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विधायक आदेश चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, जिला पंचायत सदस्या प्रतिनिधि विजय चौहान, पूर्व मंडल महामंत्री भाजपा चमन चौहान तथा ग्राम पंचायत सदस्य राहुल पाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने कहा कि इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनी यह सड़क क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आवागमन सुगम होगा और कॉलोनी की सुंदरता भी बढ़ेगी।
विधायक आदेश चौहान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी कॉलोनीवासियों को विकास कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।


