हरिद्वार(नीति शर्मा)। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने ग्राम औरंगाबाद में वन्यजीव (हाथियों) द्वारा किसानों की फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित खेतों का जायजा लिया तथा विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय किसानों के साथ बैठक कर समस्या के समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक आदेश चौहान ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों एवं कृषि भूमि में आवाजाही रोकने के लिए पुख्ता एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रभावित किसानों की फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
विधायक ने राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक से भी दूरभाष पर वार्ता कर वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए पूर्व में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के कारण किसानों की फसलों को बार-बार नुकसान पहुंचना गंभीर विषय है। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी, विजय चौहान,शशांक चौहान,चरण सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्राम के स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने किसानों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।



