सेवा सेतु अभियान के तहत जनसेवा शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री, स्थायी कॉलेज भवन, मिनी स्टेडियम और मोटर मार्ग निर्माण की घोषणाएं
उत्तरकाशी(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पूर्व में घोषित पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और पात्र लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। क्षेत्रवासियों, युवाओं और मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति तथा उनके उत्साह और स्नेह के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सड़क संपर्क बेहतर होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और इसके स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति दी जा रही है। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों से मातृशक्ति को सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। सरकार पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत करते हुए क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दायित्वधारी श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



