हरिद्वार (अनिल शीर्षवाल)। रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ई-मेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड में आ गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सिडकुल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने न्यायालय परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया।

धमकी के मद्देनज़र एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जांच की जा रही है कि ई-मेल कहां से भेजा गया।
उधर, देहरादून स्थित न्यायालय को भी इसी प्रकार की धमकी मिलने की सूचना है, जिसके बाद वहां भी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी की जा रही है।



