हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों एवं एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद में चलाए जा रहे सत्यापन व सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद के पास संचालित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान की आड़ में आरोपी युवक फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रहा था। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार (28 वर्ष) पुत्र वेदपाल सिंह निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उ.प्र.) हाल निवासी पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सिडकुल क्षेत्र में नौकरी के लिए आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों के आधार कार्ड में नाम, पता व उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर देता था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 4 आधार कार्ड (जिनमें 2 कूटरचित), 9 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
इस संबंध में थाना सिडकुल पर मु0अ0सं0-74/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/339 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
बरामदगी:
01 लैपटॉप (सिल्वर)
01 लैपटॉप चार्जर
01 कलर प्रिंटर-स्कैनर
01 की-बोर्ड
04 आधार कार्ड (02 कूटरचित)
09 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित प्रतियां
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के दस्तावेज केवल अधिकृत केंद्रों से ही बनवाएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

